ATH NEWS 11 GROUP OF MEDIA

तुकबेरा गांव में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, हत्या कर दफनाने का आरोप।



विश्रामपुर थाना से श्रवण कुमार रवि के रिपोर्ट ।

 पलामू:- जिले के नावा बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत तुकबेरा गांव में एक नवविवाहिता की संदिग्ध मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतका की पहचान प्रियंका कुमारी उर्फ पूजा कुमारी (22 वर्ष), पिता द्वारिका मेहता, ग्राम दरुआ, थाना पांडू के रूप में हुई है।



जानकारी के अनुसार प्रियंका का विवाह करीब सात वर्ष पूर्व रंजीत कुमार मेहता, पिता रामकेश मेहता, ग्राम भूखला, थाना विश्रामपुर निवासी से हुआ था। मृतका के मायके पक्ष और ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि रंजीत कुमार मेहता का तुकबेरा गांव की गुड्डी देवी से अवैध संबंध था। इसी कारण वह प्रियंका को लगातार प्रताड़ित करता था। आरोप यह भी है कि रंजीत अपने पिता से बार-बार पैसों की मांग करता था और दहेज को लेकर प्रियंका को करीब सात वर्षों से मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। इस संबंध में मुखिया और ग्रामीणों द्वारा कई बार बैठक कर समझाने का प्रयास भी किया गया था।



बताया गया कि सोमवार से ही प्रियंका लापता थी। इसके बाद मृतका के माता-पिता ने नावा बाजार थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रशासन द्वारा खोजबीन जारी थी, इसी दौरान परिजनों को गुप्त सूचना मिली कि नावा बाजार थाना क्षेत्र के तुकबेरा गांव के दराई टोला स्थित पानी भरे दलदल में एक शव को जेसीबी मशीन से गड्ढा खोदकर दफना दिया गया है।


सूचना मिलने के बाद मृतका के परिजनों ने विश्रामपुर थाना में आवेदन दिया। विश्रामपुर थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार दुबे के निर्देश पर थाना के छोटा बाबू शिवनाथ कुमार रंजन की उपस्थिति में जेसीबी मशीन से काफी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला गया। मौके पर नावा बाजार अंचलाधिकारी (सीओ) भी मौजूद रहीं।


परिजनों का आरोप है कि इससे एक दिन पूर्व भी सीओ की उपस्थिति में उसी स्थान पर शव की खोज की गई थी, लेकिन तब कुछ नहीं मिला था, जिससे नावा बाजार प्रशासन पर संदेह गहरा गया था। बाद में विश्रामपुर थाना की पहल पर शव बरामद होने के बाद नावा बाजार थाना प्रभारी संजय यादव भी मौके पर पहुंचे।


दोनों थानों की संयुक्त कार्रवाई में शव का पंचनामा तैयार किया गया और अंचलाधिकारी की उपस्थिति में पोस्टमार्टम के लिए शव को मेदिनीनगर भेज दिया गया। फिलहाल मामले की जांच जारी है और परिजन दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post