थाना लालगंज से रामजीत चौधरी की रिपोर्ट
ATH NEWS 11 GROUP -:जनपद बस्ती के थाना लालगंज क्षेत्र में फंदे से लटककर आत्महत्या के मामलों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताज़ा मामला थाना क्षेत्र अंतर्गत कोप गांव से सामने आया है, जहां शनिवार की रात एक 21 वर्षीय युवक का शव फांसी के फंदे से लटका मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतक की पहचान रूपेश विश्वकर्मा पुत्र कृष्णचंद विश्वकर्मा, उम्र लगभग 21 वर्ष, निवासी कोप के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही थाना लालगंज पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को फंदे से उतरवाकर कब्जे में लिया और आवश्यक कानूनी कार्यवाही करते हुए पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फिलहाल युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। वहीं इस घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और गांव में शोक का माहौल है।
गौरतलब है कि बीते कुछ समय से थाना लालगंज क्षेत्र में फांसी लगाकर जान देने के मामलों में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है, जो प्रशासन और समाज दोनों के लिए चिंता का विषय बनता जा रहा है।
पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
