थाना लालगंज से रामजीत चौधरी की रिपोर्ट.
ATH NEWS 11 GROUP -:बस्ती। जिले में थाना कोतवाली पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए हत्**या के प्रयास सहित कई संगीन मामलों में वांछित एवं 25 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली दिनेश चन्द चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की खास सूचना पर कार्रवाई करते हुए अभियुक्त को मुंबई के ब्रांद्रा बेस्ट क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान 33 वर्षीय अजफरूल हक उर्फ प्रिंस निवासी चिकवा टोला थाना पुरानी बस्ती, जनपद बस्ती के रूप में हुई है। अभियुक्त थाना कोतवाली में हत्या के प्रयास के मामले में 25 हजार रुपये का इनामी घोषित था। इसके अलावा वह कई अन्य मामलों में भी वांछित चल रहा था। पुलिस के अनुसार अभियुक्त का आपराधिक इतिहास बेहद लंबा है। उसके खिलाफ बस्ती जनपद के कोतवाली और पुरानी बस्ती थानों में हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट, लूट, रंगदारी, एससी एसटी एक्ट सहित कुल 21 मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक राजकुमार पटेल, उपनिरीक्षक पवन कुमार मौर्य, कांस्टेबल अर्जुन यादव एवं सर्विलांस सेल से हेड कांस्टेबल अंगद यादव शामिल रहे।
