महराजगंज :-जनपद महाराजगंज के निचलौल थाना क्षेत्र में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब निचलौल–महराजगंज मुख्य मार्ग पर सड़क किनारे एक अज्ञात महिला का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। शव मिलने की खबर से इलाके में दहशत फैल गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार महिला का शव ग्राम सभा बरोहिया के पास पाया गया। शव की हालत बेहद खराब थी, विशेषकर चेहरा बुरी तरह क्षत-विक्षत होने के कारण मृतका की पहचान करना कठिन हो गया। प्रारंभिक जांच में महिला की उम्र लगभग 40 वर्ष के आसपास आंकी जा रही है।
सूचना मिलते ही निचलौल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू की। पुलिस के अनुसार महिला के शरीर पर लाल रंग की साड़ी और गुलाबी रंग का स्वेटर पाया गया है, जिसके आधार पर पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों से मिलान किया जा रहा है, वहीं स्थानीय ग्रामीणों से भी पूछताछ की जा रही है।
प्राथमिक तौर पर पुलिस को आशंका है कि महिला किसी अज्ञात तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आई होगी। शरीर और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं, जो सड़क दुर्घटना की ओर इशारा करते हैं। हालांकि पुलिस इसे केवल हादसा मानकर नहीं चल रही है और हत्या या शव फेंके जाने जैसी अन्य संभावनाओं को भी ध्यान में रखते हुए हर पहलू से जांच कर रही है।
शव मिलने के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जिसे पुलिस ने संभालते हुए भीड़ को नियंत्रित किया और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई है।
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। पहचान होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी और यदि किसी तरह की साजिश सामने आती है तो दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
प्रभारी महराजगंज
कैलाश सिंह
