ATH NEWS 11 GROUP OF MEDIA

अहिरौली में बेखौफ अवैध मिट्टी खनन!दिन-रात दौड़ती ट्रैक्टर-ट्रॉलियां, ग्रामीणों की नींद उड़ी.





महाराजगंज :-जनपद के कोठीभार थाना क्षेत्र अंतर्गत अहिरौली ग्राम सभा में अवैध मिट्टी खनन का कारोबार खुलेआम फल-फूल रहा है। नियम-कानून को ताक पर रखकर दिन और रात ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के माध्यम से मिट्टी की धड़ल्ले से ढुलाई की जा रही है, जिससे ग्रामीणों का जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है।

ग्रामीणों का कहना है कि गांव की सड़कों पर तेज रफ्तार से दौड़ती ट्रैक्टर-ट्रॉलियां न सिर्फ शोर और धूल का कारण बन रही हैं, बल्कि बच्चों, बुजुर्गों और राहगीरों के लिए गंभीर खतरा भी पैदा कर रही हैं। रामललीत, सुनील राज सिंह, राधेश्याम शर्मा, लल्लन और श्यामसुंदर सहित कई ग्रामीणों ने बताया कि रात के समय भारी वाहनों की आवाज़ से सोना तक मुश्किल हो गया है। कई बार हादसे होते-होते बचे हैं, लेकिन जिम्मेदारों की आंखें अब भी बंद हैं।

ग्रामीणों का आरोप है कि अवैध खनन की शिकायतें कई बार प्रशासनिक अधिकारियों और थाना स्तर पर की गईं, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इससे ग्रामीणों में आक्रोश गहराता जा रहा है। लोगों का साफ कहना है कि यदि प्रशासन की मिलीभगत न होती तो यह अवैध कारोबार इतने लंबे समय तक यूं बेखौफ नहीं चल पाता।

स्थिति की गंभीरता इस बात से भी समझी जा सकती है कि गांव के स्कूल के पास मुख्य सड़क पर लगाया गया निगरानी कैमरा लंबे समय से खराब पड़ा है। ग्रामीणों का मानना है कि यदि यह कैमरा दुरुस्त होता, तो अवैध खनन और तेज रफ्तार वाहनों पर लगाम लगाई जा सकती थी। लेकिन कैमरे की अनदेखी भी कई सवाल खड़े कर रही है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से अविलंब अवैध मिट्टी खनन पर रोक लगाने, ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की सघन जांच कराने, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने तथा खराब पड़े सीसीटीवी कैमरे को तत्काल ठीक कराने की मांग की है। अब देखना यह है कि प्रशासन ग्रामीणों की पीड़ा सुनता है या फिर अवैध खनन का यह खेल यूं ही चलता रहेगा।

          प्रभारी महराजगंज

            कैलाश सिंह

Post a Comment

Previous Post Next Post