महराजगंज:-श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र में गोरखपुर–महराजगंज मुख्य मार्ग पर बुधवार रात एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मिट्टी से लदे तेज रफ्तार डंपर ने विपरीत दिशा से आ रहे बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। मृतक की पहचान परसा उर्फ परसौना गांव निवासी जितेंद्र निषाद (30) के रूप में हुई है, जो बुधवार सुबह ही विदेश से अपने घर लौटे थे।
यह हादसा परतावल के टिमटिमवापुर टोले के पास रात करीब 7:30 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि जितेंद्र परतावल से श्यामदेउरवां की ओर अपनी बाइक से घर जा रहे थे। उसी दौरान सामने से आ रहे मिट्टी लदे डंपर ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने तत्काल एंबुलेंस और डायल 112 पुलिस को सूचना दी। एंबुलेंस की सहायता से घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर के बाद डंपर चालक मौके से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे हिरासत में ले लिया और डंपर को भी जब्त कर लिया।
मृतक जितेंद्र निषाद परिवार के भरण-पोषण के लिए विदेश में काम करते थे। बुधवार सुबह ही वह विदेश से घर लौटे थे। विदेश से लाए गए सामान को अपने मामा के घर अमवा पहुंचाकर वापस लौटते समय यह हादसा हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पत्नी सुनीता, पुत्र शिवम और आर्यन सहित अन्य परिजन सीएचसी परतावल पहुंचे। अस्पताल परिसर में चीख-पुकार और मातम का माहौल बन गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और विधिक कार्रवाई की जा रही है। डंपर को भी कब्जे में ले लिया गया है तथा चालक से पूछताछ जारी है।
यह हादसा एक बार फिर मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार और भारी वाहनों की लापरवाही पर सवाल खड़े करता है।
प्रभारी महाराजगंज
कैलाश सिंह
